माँझी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताने वाले तस्करों के खिलाफ सारण जिले की माँझी थाना पुलिस ने बुधवार की देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 197 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने थाना क्षेत्र के महम्मदपुर और कटोखर गांव में कार्रवाई कर भारी मात्रा में शराब जब्त की। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महम्मदपुर गांव में कुछ लोगों द्वारा अंग्रेजी शराब लाकर घर के समीप छिपाकर रखी गई है और उसे कहीं भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर छापेमारी की। इस दौरान मौके से बंटी बबली ब्रांड की 9 लीटर तथा 7 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई। हालांकि छापेमारी की भनक मिलते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
थानाध्यक्ष ने बताया कि दूसरी कार्रवाई कटोखर गांव में की गई, जहां देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि बड़े पैमाने पर शराब की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर लगभग 181 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की।
पुलिस ने दोनों मामलों में शराब तस्करों की पहचान कर ली है और उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन बड़े सप्लायर शामिल हैं।
माँझी थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने स्पष्ट कहा कि थाना क्षेत्र में शराब माफियाओं के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह स्पष्ट हो गया है कि शराब माफिया नए-नए तरीके अपनाकर बिहार में शराब खपाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस की लगातार सख्ती से उनके मंसूबों पर पानी फिर रहा है।

