दाउदपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-टेंपो की टक्कर में तीन की मौत
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: सारण जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर बनवार ढाला के समीप तेज रफ्तार ट्रक और सीएनजी टेंपो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर से घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसा इतना भयावह था कि टेंपो पूरी तरह चकनाचूर हो गया और सड़क पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सीएनजी टेंपो सड़क से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल 102 एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल भेजा गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों घायलों की हालत बेहद नाजुक हो चुकी थी। सदर अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. अर्जुन कुमार ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर आवागमन बहाल कराया। इधर, पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।

