सारण: ट्रक और ऑटो की भीषण टक्कर, एक की मौत, दो गंभीर घायल
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिं ह:छपरा-सीवान मुख्य मार्ग स्थित एनएच-531 पर दाउदपुर थाना क्षेत्र के पूरब सोनिया पुल के समीप गुरुवार की सुबह तेज रफ्तार ट्रक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे ऑटो चालक समेत तीन लोग छपरा की ओर से एकमा जा रहे थे। इसी दौरान सीवान से छपरा की तरफ तेज गति से आ रही ट्रक ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा भेजा। इसी दौरान एक घायल ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। वहीं दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार ऑटो में कुछ वाद्य यंत्र भी रखे हुए थे, जिससे आशंका जताई जा रही है कि सवार लोग नाच-गाने से जुड़े कलाकार हो सकते हैं। राहत की बात यह रही कि ऑटो सीएनजी चालित होने के बावजूद उसमें विस्फोट नहीं हुआ, अन्यथा हादसा और भी भयावह हो सकता था।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ऑटो को जब्त कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।

