माँझी-छपरा मुख्य मार्ग पर डिवाइडर से टकराई बाइक, युवक गंभीर रूप से घायल, छपरा रेफर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी-छपरा मुख्य मार्ग पर दुर्गापुर गांव के समीप सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें बाइक सवार एक युवक डिवाइडर से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग सहायता के लिए दौड़ पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही कौरुधौरु के बीडीसी प्रतिनिधि सुनील कुमार पाण्डेय मौके पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए घायल युवक को तत्काल माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन युवक की हालत चिंताजनक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल युवक की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के जिगना तिवारी टोला निवासी शिवदानी राम के पुत्र अजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अजय कुमार शिवम साउंड में काम करता था। इस घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है और स्थानीय लोग उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Saran News, Manjhi Road Accident, Chapra News, Bike Accident Bihar, Revilganj News

