सारण: महावीर मंदिर की मूर्ति विखंडित होने से ग्रामीणों में आक्रोश
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: एकमा प्रखंड के पचुआ पंचायत अंतर्गत पचुआ पंचायत के भोदसा गांव में स्थित महावीर मंदिर परिसर में बुधवार की रात असामाजिक तत्वों द्वारा महावीर जी की मूर्ति को विखंडित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और लोगों को शांत कराया।
घटना की सूचना पर छपरा सदर एसडीओ नवीन कुमार ने दूरभाष पर बताया कि अज्ञात लोगों के विरुद्ध एकमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं एकमा एसडीपीओ राजकुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर माहौल शांत कराया। प्रशासन की मौजूदगी में शुक्रवार को पूजा-अर्चना के बाद नई मूर्ति की स्थापना किए जाने की बात कही गई है।
इस संबंध में पूछे जाने पर एकमा एसडीपीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।

