मानवता की मिसाल बनी महिला सिपाही, घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल
सारण (बिहार): छपरा में ड्यूटी पर तैनात महिला सिपाही रागिनी कुमारी ने मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए गंभीर रूप से घायल महिला की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। नगर थाना क्षेत्र के थाना चौक पर ड्यूटी के दौरान उन्होंने एक महिला को खून से लथपथ और बेहोश हालत में देखा। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने बिना देर किए स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां समय पर इलाज शुरू हो सका।
सारण पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार महिला सिपाही रागिनी कुमारी के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए पुलिस उपाधीक्षक यातायात ने उन्हें प्रशस्ति पत्र देने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक से अनुशंसा की है। पुलिस विभाग ने इसे कर्तव्यनिष्ठा, साहस और सेवा भावना की उत्कृष्ट मिसाल बताया है। प्रशासन ने सभी पुलिसकर्मियों से इसी तरह मानवता और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की है।

