भारतीय भाषाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने को ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ की अनूठी पहल
‘टीचर्स ऑफ बिहार’ ने डिजिटल मंच पर जगाई भारतीय भाषाओं की अलख
पटना (बिहार): पटना में शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव के लिए कार्यरत मंच ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ द्वारा आयोजित ‘भारतीय भाषा समर कैंप : एक्सक्लूसिव ऑनलाइन क्विज 2026’ का सफल समापन हो गया। इस ऑनलाइन आयोजन में बिहार सहित विभिन्न राज्यों के शिक्षकों, विद्यार्थियों और शिक्षा प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भारतीय भाषाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा डिजिटल माध्यम से रचनात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना था। आयोजन में 4500 से अधिक प्रतिभागियों को डिजिटल सर्टिफिकेट प्रदान किए गए।
संस्था के संस्थापक शिव कुमार एवं टेक्निकल टीम लीडर ई. शिवेंद्र प्रकाश सुमन ने आयोजन की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि तकनीक के माध्यम से शिक्षा को हर घर तक पहुंचाना संस्था का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि इस क्विज ने भारतीय भाषाओं की समृद्धि को नई पहचान देने के साथ यह भी साबित किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग शिक्षा में क्रांतिकारी बदलाव ला सकता है।
प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार तथा क्विज क्रिएटर-सह-प्रदेश मीडिया संयोजक मृत्युंजय कुमार ने कहा कि इस आयोजन ने बिहार ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों के हजारों शिक्षकों और विद्यार्थियों को एक मंच पर जोड़ने का कार्य किया है। उनका कहना था कि शिक्षा को मनोरंजक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में यह पहल काफी सफल रही।
इवेंट लीडर केशव कुमार ने बताया कि समर कैंप क्विज में साढ़े चार हजार से अधिक प्रतिभागियों ने सफलतापूर्वक हिस्सा लिया और प्रमाण-पत्र प्राप्त किए। उन्होंने इसे टीम के सामूहिक प्रयास और शिक्षा के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। ‘शिक्षा, नवाचार, सहयोग और सकारात्मक बदलाव’ के मूल मंत्र के साथ ‘टीचर्स ऑफ बिहार’ आगे भी ऐसे आयोजन करता रहेगा।

