राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड को लेकर उबाल, गिरफ्तारी नहीं होने पर पटना में कैंडल मार्च
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी नगर पंचायत के वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर हत्याकांड को लेकर लोगों में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी अथवा इनकाउंटर की मांग को लेकर कर्पूरी सेना के नेता शनिवार को पटना में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेंगे। इसके साथ ही शाम में कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा।
मृतक वार्ड पार्षद के पिता अशोक ठाकुर ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्पूरी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रिन्स ठाकुर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल पटना स्थित उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर पहुंचकर ज्ञापन सौंपेगा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से हत्याकांड में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी तथा कठोर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उसी दिन शाम को पटना में कैंडल मार्च निकालकर सारण जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। इस विरोध मार्च में शामिल होने के लिए माँझी क्षेत्र से भी सैकड़ों लोग पटना रवाना होंगे। कर्पूरी सेना के नेताओं का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बीते 24 मार्च की रात अपराधियों ने वार्ड पार्षद राजा बाबू ठाकुर समेत उनके तीन परिजनों पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद इलाज के लिए छपरा ले जाने के दौरान राजा बाबू ठाकुर की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव एवं आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

