रामघाट हनुमानगढ़ी में अयोध्या से आए संतों का भव्य स्वागत, जनकपुर के लिए हुए रवाना
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी के प्रसिद्ध रामघाट स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर में शुक्रवार को अयोध्या से पधारे साधु-संतों का भव्य स्वागत किया गया। मंदिर के महंत राम प्रिय दास, राम सेवक दास तथा समाजसेवी कुशजी सिंह द्वारा संतों को अंगवस्त्र, नकद राशि एवं अन्य सामग्री समर्पित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा।
संतों के सम्मान में भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में साधु-संतों, श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने भाग लिया। भंडारे में उपस्थित लोगों ने संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा धार्मिक कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
अयोध्या से पधारे महामंडलेश्वर संतोष दास जी महाराज के नेतृत्व में संतों की टोली माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर में आयोजित श्री रामर्चा यज्ञ में शामिल होने के लिए रवाना हुई। जनकपुर प्रस्थान से पूर्व महामंडलेश्वर ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का जाप ही मानव को मुक्ति और मोक्ष प्रदान कर सकता है। उन्होंने लोगों से धर्म, भक्ति और सत्संग के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
मंदिर परिसर में संतों के आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

