टूटे बिजली तार की चपेट में आने से 10 वर्षीय मासूम की मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के बनियापुर गांव में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी प्रमोद मांझी के पुत्र अंकुश कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि अंकुश कुमार सुबह करीब 9 बजे घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान पहले से टूटकर गिरे बिजली के तार की चपेट में वह आ गया। तेज करंट लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर गहरा आक्रोश जताया है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से जर्जर बिजली तार लटक रहे हैं, जिसकी शिकायत कई बार की गई, लेकिन विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों ने अविलंब जर्जर तारों की मरम्मत कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

