ईयरफोन ब्लास्ट होने से युवक गंभीर रूप से जख्मी, गर्मी में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग में बरतें सावधानी
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: भीषण गर्मी के बीच लगातार इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के इस्तेमाल से हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला शहर के कटहरी बाग आर्य नगर का है, जहां ईयरफोन ब्लास्ट होने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार कटहरी बाग आर्य नगर निवासी घनश्याम मिश्रा जनता बाजार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान घर के पास अचानक उनके कान में लगे ईयरफोन में जोरदार ब्लास्ट हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि वह बुरी तरह घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें निजी क्लीनिक में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज किया गया।
विशेषज्ञों का कहना है कि भीषण गर्मी में मोबाइल, लैपटॉप, चार्जर और ईयरफोन जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अधिक गर्म होकर ब्लास्ट कर सकते हैं। लगातार लंबे समय तक चार्जिंग करने या तेज धूप में इनका उपयोग करने से खतरा बढ़ जाता है। विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि मोबाइल को थोड़े-थोड़े अंतराल पर चार्ज करें तथा धूप में ईयरफोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स का अधिक इस्तेमाल न करें।
बताया जा रहा है कि इन दिनों अत्यधिक गर्मी के कारण कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अचानक गर्म होकर खराब हो रहे हैं। चिकित्सकों ने भी लोगों से सतर्क रहने और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के अत्यधिक गर्म होने पर तुरंत उसका उपयोग बंद करने की अपील की है।

