जदयू महिला जिलाध्यक्ष कुसुम देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक किया वट सावित्री व्रत
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: जनता दल यूनाइटेड के सारण जिला महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष कुसुम देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने शुक्रवार को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ वट सावित्री पूजा-अर्चना की। महिलाओं ने बरगद के वृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी उम्र, उत्तम स्वास्थ्य एवं अखंड सौभाग्य की कामना की।
जदयू महिला जिलाध्यक्ष कुसुम देवी ने बताया कि वट सावित्री व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार वट वृक्ष की जड़ों में ब्रह्मा जी, छाल में भगवान विष्णु तथा शाखाओं में भगवान शिव का वास माना जाता है। इसी कारण महिलाएं पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ बरगद के पेड़ की पूजा करती हैं।
उन्होंने बताया कि महिलाएं सुबह स्नान कर लाल या पीले रंग के नए वस्त्र धारण करती हैं तथा सोलह श्रृंगार कर व्रत का संकल्प लेती हैं। इसके बाद वट वृक्ष की जड़ में जल और कच्चा दूध अर्पित किया जाता है। महिलाएं हल्दी, रोली, अक्षत एवं फूल चढ़ाकर बांस के पंखे से बरगद के पेड़ को हवा करती हैं तथा सत्यवान-सावित्री की पूजा कर वट वृक्ष पर कच्चा सूत लपेटते हुए सात, ग्यारह अथवा 108 बार परिक्रमा करती हैं।
पूजा-अर्चना के उपरांत महिलाओं ने वट सावित्री व्रत कथा सुनी और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। महिलाओं का मानना है कि इस व्रत के प्रभाव से पति दीर्घायु एवं स्वस्थ रहते हैं तथा परिवार में सुख-शांति बनी रहती है।
इस अवसर पर जदयू नेत्री रूबी देवी, रीना सिंह, बेबी देवी, मधू सिंह, ब्यूटी देवी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने श्रद्धापूर्वक वट सावित्री पूजा संपन्न की।

