शादी के अगले ही दिन करंट लगने से दूल्हे की मौत, खुशियां मातम में बदली
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: गुर्दाहा कला एवं सिवान जिले के चैनपुर ओपी क्षेत्र स्थित नगई गांव में उस समय मातम पसर गया, जब शादी के अगले ही दिन दूल्हे की करंट लगने से मौत हो गई। गुरुवार को पूरे हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुई शादी के बाद शुक्रवार को सुहागरात से पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया, जिससे दोनों परिवारों की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार सिवान जिले के चैनपुर ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगई गांव निवासी ध्रुप महतो के एकलौते पुत्र गुड्डू महतो की शादी माँझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहा कला गांव निवासी इंद्रजीत महतो उर्फ इंदल महतो की पुत्री संजू कुमारी के साथ गुरुवार को धूमधाम से हुई थी। शादी समारोह में दोनों पक्षों के परिजन और ग्रामीण खुशी के माहौल में शामिल हुए थे।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को अचानक करंट की चपेट में आने से दूल्हे गुड्डू महतो की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। नई नवेली दुल्हन संजू कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं दोनों गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन इस अप्रत्याशित हादसे ने सबकुछ बदल दिया।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। इलाके में इस दर्दनाक घटना की चर्चा पूरे दिन होती रही।
#Manjhi #Saran #Siwan #Chapra #BiharNews #AccidentNews #ElectricShock #MarriageTragedy #Daudpur #ViralNews #LocalNews #GudduMahato #GurdahaKala

