एकमा में छात्रा से दुष्कर्म मामले को लेकर जांच तेज, एक गिरफ्तार
कोचिंग जाने के क्रम में चाकू की नोक पर छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार!
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरहोपुर के समीप एक छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने जांच तेज कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए लगातार कार्रवाई में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, छात्रा कोचिंग के लिए जा रही थी। इसी दौरान कुछ युवकों द्वारा उसे सुनसान स्थान पर ले जाने और दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता के बयान के आधार पर एकमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा है।
घटना स्थल पर फॉरेंसिक टीम पहुंचकर साक्ष्यों की जांच कर रही है। एसडीपीओ राजकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में कैंप कर रही है तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों ने मामले में त्वरित कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सभी आरोपियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

