मातृ दिवस पर स्त्री शक्ति संगठन और भारत स्वाभिमान ट्रस्ट का संयुक्त कार्यक्रम आयोजित
नई दिल्ली: संवाददाता प्रेरणा बुड़ाकोटी: स्त्री शक्ति संगठन एवं पतंजलि भारत स्वाभिमान ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में मातृ दिवस के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डीएसओ स्वरक्षा, योग एवं खेल अकादमी, झज्जर चुंगी, रोहतक स्थित कार्यालय में संपन्न हुआ, जिसमें दोनों संस्थाओं के गणमान्य सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृ शक्ति के सम्मान के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र निर्माण में परिवार की भूमिका पर विचार-विमर्श करना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विनोद सोनी आर्य ने मातृ शक्ति को समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि एक सशक्त परिवार ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग, आयुर्वेद, गुरुकुल व्यवस्था तथा भारतीय संस्कृति को अपनाने पर बल दिया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भारत को आत्मनिर्भर एवं संस्कारित राष्ट्र बनाने के लिए जागरूकता फैलाने और निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर स्त्री शक्ति संगठन की अध्यक्ष ममता शर्मा, कार्यक्रम प्रबंधक युधिष्ठिर लाल असीजा, सुमन शर्मा, कीर्ति चुग, सुमन गहलोत, पवन गहलोत एवं पावनी उपस्थित रहीं। वहीं भारत स्वाभिमान ट्रस्ट की ओर से हरियाणा राज्य प्रभारी विनोद सोनी आर्य, जिला अध्यक्ष जगदीश आर्य, पतंजलि योग समिति के जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा, महिला जिला अध्यक्ष मिथिलेश, वरिष्ठ सदस्य राजकुमार भारद्वाज, राजेश आर्य, योग शिक्षक देवी सिंह आर्य, अनिल आर्य एवं अजय वर्मा सहित कई सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम के प्रबंधक एवं अकादमी संचालक राकेश बधवार रहे।
कार्यक्रम के दौरान विनोद सोनी, पवन गहलोत एवं युवा सदस्य पावनी ने गीत और कविता के माध्यम से मां के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और मातृ शक्ति के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

