एकमा दुष्कर्म कांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक बालक निरुद्ध, दो अभियुक्तों ने किया आत्मसमर्पण
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के एकमा थाना क्षेत्र में दर्ज नाबालिग से दुष्कर्म मामले में सारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया है, जबकि मामले के दो अन्य अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सारण द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 10 मई 2026 की रात एक नाबालिग पीड़िता के परिजनों द्वारा एकमा थाना में लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर एकमा थाना कांड दर्ज कर संबंधित धाराओं में त्वरित अनुसंधान शुरू किया गया। आवेदन में पीड़िता के साथ दुष्कर्म की घटना का आरोप लगाया गया था।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए Saran Police के निर्देशन में वरीय पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। साथ ही एफएसएल टीम द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए तथा पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व में एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध कर लिया था। वहीं लगातार की जा रही छापेमारी और पुलिस दबिश के कारण शेष दो अभियुक्तों ने 13 मई 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया।
आत्मसमर्पण करने वाले अभियुक्तों की पहचान कोहरगढ़ निवासी निशांत कुमार सिंह तथा भोदोपुर निवासी प्रदीप कुमार सिंह के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्त एकमा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
सारण पुलिस ने कहा है कि मामले में निष्पक्ष, त्वरित और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही पीड़िता की गोपनीयता और सम्मान बनाए रखने के लिए आमजन एवं मीडिया प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की गई है।

