सारण: चोरी कांड का खुलासा, 25 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी बरामद
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने सक्रिय पुलिसिंग के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए डेरनी थाना क्षेत्र में चोरी की घटना का सफल उद्भेदन किया है। पुलिस ने छापेमारी कर चोरी के आभूषण बरामद किए तथा इस मामले में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद सामानों में 25 ग्राम सोना एवं लगभग तीन किलोग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दिनांक 14 मई 2026 को डेरनी थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के कुछ व्यक्तियों के पास चोरी के आभूषण रखे गए हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक सारण के निर्देशन एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर के नेतृत्व में डेरनी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में सोने एवं चांदी के आभूषण बरामद किए गए तथा तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विकास कुमार, पिता स्वर्गीय धर्मदेव महतो, धमेन्द्र कुमार, पिता स्वर्गीय मंगल महतो तथा कलाम हुसैन, पिता मुमताज अंसारी शामिल हैं। तीनों अभियुक्त डेरनी थाना क्षेत्र के बजरांहा गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके विरुद्ध डेरनी थाना कांड संख्या 138/26 एवं 146/26 के तहत पूर्व से भी मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने छापेमारी के दौरान 16 जोड़ा पायल, तीन चोटी, दो डढ़कर, छह जोड़ा मेंहदी छल्ला, चाभी रिंग, बाजूबंद, राखी, बेरा, सिकड़ी, बिछिया, कान का छल्ला, ब्रासलेट, जुतिया सहित अन्य चांदी के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा मंगलसूत्र, लॉकेट, मांगटीका, नथुनी, नाक का कील, चैन, दुर्गा मां का लॉकेट, अंगूठी सहित कई सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
इस मामले में डेरनी थाना कांड संख्या 127/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है तथा इस कांड में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध नियंत्रण में सहयोग मिल सके।

