उपमुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बीस सूत्री समिति की बैठक, विकास कार्यों की समीक्षा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिला के प्रभारी मंत्री सह उपमुख्यमंत्री Bijendra Prasad Yadav की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति (बीस सूत्री) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया।
बैठक की शुरुआत पिछली बैठक में उठाए गए मुद्दों के अनुपालन की समीक्षा से हुई। इस दौरान विभागवार चर्चा करते हुए समिति के सदस्यों से फीडबैक लिया गया। नगर निगम छपरा क्षेत्र में कचरे के डोर-टू-डोर उठाव को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट मरम्मत की समुचित व्यवस्था तथा हथुआ मार्केट के अंदर एवं बाहर सार्वजनिक शौचालय और यूरिनल निर्माण की मांग भी सदस्यों द्वारा उठाई गई।
बैठक में डबल डेकर निर्माण कार्य के कारण गलियों से हो रहे आवागमन को लेकर भी चर्चा हुई। उपमुख्यमंत्री ने मुख्य मार्ग से जुड़ी गलियों के संपर्क बिंदुओं को सुगम बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एक सदस्य द्वारा साहेबगंज से मौना चौक-साढ़ा ढाला तक सड़क पुनर्निर्माण की मांग रखी गई, जिस पर आवश्यक पहल का आश्वासन दिया गया।
इसके अलावा कोपा में ट्रॉमा सेंटर निर्माण, रिविलगंज स्थित महर्षि दधीचि आश्रम के विकास तथा अमृत सरोवरों के सौंदर्यीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे भी बैठक में उठाए गए। उपमुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को समिति के सदस्यों द्वारा उठाए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में महाराजगंज सांसद Janardan Singh Sigriwal, विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह, विधायक जनक सिंह, विधायक जितेंद्र राय, विधायक कृष्ण कुमार मंटू, विधायक सुरेंद्र राम, विधायक विनय सिंह, विधायक रणधीर सिंह, विधायक छोटी कुमारी, विधायक करिश्मा, जिला परिषद अध्यक्ष जयमित्रा देवी, उपमहापौर रागिनी कुमारी, जिलाधिकारी Vaibhav Srivastava, वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार, उप विकास आयुक्त लक्ष्मण तिवारी, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, नगर आयुक्त रंजीत कुमार समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।

