नशा मुक्ति अभियान के तहत पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित
रोहतक (हरियाणा): नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत शहीद कैप्टन दीपक शर्मा पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दिल्ली रोड, मॉडल टाउन, रोहतक में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशा मुक्त वातावरण का संदेश देना था।
इस प्रतियोगिता का आयोजन प्रज्ञा साहित्यिक मंच एवं स्त्री शक्ति संगठन द्वारा किया गया, जबकि नव युवा फाउंडेशन ने सहयोगी संस्था के रूप में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्या सुश्री मीता कंसल, ललित कला शिक्षक सतीश अहलावत एवं रामकुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं प्रज्ञा साहित्यिक मंच के संस्थापक सदस्य डॉ. अनूप कुमार बंसल ‘मधु कांत’, स्त्री शक्ति संगठन की संस्थापक सदस्य ममता शर्मा तथा नव युवा फाउंडेशन के संस्थापक प्रवीण कुमार, सह संस्थापक सुमित कुमार एवं ममता रानी ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
इसके अतिरिक्त संस्था के मुख्य सदस्य युधिष्ठिर लाल असीजा एवं युवा सदस्य सुश्री कृतिका भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में हुतात्मा कैप्टन दीपक शर्मा के पिता श्री नरेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में प्रियंका, सोनम, लक्ष्मी, खुशबू एवं अंजू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेता स्थान प्राप्त किया। वहीं गौरी, अनोखी, पूर्वी, दीक्षा, साक्षी, कीर्ति, अलका, एकता, क्षमा, मनीषा, खुशी तथा नीलाक्षी को सराहनीय पोस्टर निर्माण के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं द्वारा बनाए गए पोस्टरों में नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में जागरूकता फैलाने और समाज को नशा मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

