5 हजार रिश्वत लेते माप-तौल विभाग का लिपिक गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो की कार्रवाई
पटना/बेगूसराय (बिहार): भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है। निगरानी ब्यूरो की मुख्यालय टीम ने कार्रवाई करते हुए सहायक नियंत्रक माप-तौल कार्यालय, बेगूसराय में कार्यरत लिपिक Pushkar Kumar Dwivedi को 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
निगरानी थाना कांड संख्या 062/26 दिनांक 22 मई 2026 के तहत दर्ज मामले में यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, परिवादी उमेश साह ने निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि दुकान के लाइसेंस के नवीनीकरण के एवज में आरोपी लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद ब्यूरो द्वारा मामले का सत्यापन कराया गया। जांच के दौरान रिश्वत मांगने की पुष्टि होने पर प्राथमिकी दर्ज की गई और पुलिस उपाधीक्षक पवन कुमार के नेतृत्व में विशेष धावादल का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके कार्यालय कक्ष में 5 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
निगरानी ब्यूरो ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के बाद उसे माननीय विशेष न्यायालय, निगरानी, भागलपुर में पेश किया जाएगा। मामले में आगे की अनुसंधानात्मक कार्रवाई जारी है।
बिहार सरकार द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनाई गई जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को भी उसी अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

