सारण: हथियार व कारतूस के साथ 4 अपराधी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में हरिहरनाथ थाना क्षेत्र के रमना मैदान में की गई छापेमारी के दौरान अपराध की योजना बना रहे चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए। इस कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सोनपुर द्वारा किया गया।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल की रात रजिस्ट्री बाजार से मिली गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से दो देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन, एक आल्टो कार और दो मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त किए गए। पूछताछ में आरोपितों ने संगठित गिरोह बनाकर विभिन्न जिलों में चैन छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहुल प्रसाद (जिला वैशाली), राजू पांडे (जिला वैशाली), ननके कुमार उर्फ ननके तिवारी (जिला मुजफ्फरपुर) और छोटे तिवारी (जिला वैशाली) के रूप में की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल प्रसाद पर पहले से ही भेल्दी, दानापुर, महनार और सकरा थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जो उसके सक्रिय अपराधी होने की पुष्टि करते हैं।
इस संबंध में हरिहरनाथ थाना कांड संख्या 73/26, दिनांक 29 अप्रैल 2026 दर्ज कर धारा 310(4)/310(5)/317(5)/3(5) BNSS तथा 25(1-b)/26/35 आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण कायम रखा जा सके।
Saran Police Action, Harihar Nath Raid, Bihar Crime News, Arms Seizure, Chapra News

