सारण में अवैध ऑर्केस्ट्रा गिरोह का भंडाफोड़, बांग्लादेशी महिला हिरासत में, नाबालिग से आपत्तिजनक डांस कराने का खुलासा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ऑर्केस्ट्रा गिरोह का पर्दाफाश किया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मढ़ौरा-1 के नेतृत्व में मकेर और अमनौर थाना की संयुक्त टीम ने लच्छी कैतुका स्थित नाटकशाला बाजार के समीप छापेमारी कर इस गिरोह का खुलासा किया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल चार लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक विधि-विरुद्ध नाबालिग लड़की भी शामिल है। वहीं एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर उनसे आपत्तिजनक नृत्य कराया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान एक विदेशी (बांग्लादेशी) महिला को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस उसके अवैध निवास, ठहराव और संपर्कों की गहन जांच कर रही है तथा इस संबंध में पुलिस मुख्यालय से आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्राप्त किए जा रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए अमनौर थाना कांड संख्या 179/26, दिनांक 28 अप्रैल 2026 दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सारण पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में इस प्रकार की अवैध और असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन से भी अपील की गई है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
Saran Police, Orchestra Racket, Bihar Crime News, Minor Exploitation Case, Chapra News

