सारण: अश्लील गाना रोकने पर बवाल, युवक समेत कई पर हमला, बहन की इलाज के दौरान मौत
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: दाउदपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर गांव में अश्लील गाना बजाने से मना करना एक युवक को भारी पड़ गया, जहां मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। घटना में युवक निर्भय मिश्रा सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उसकी बहन मधु मिश्रा की हालत चिंताजनक बनी हुई थी। इस घटना में गंभीर रूप से जख्मी 22 वर्षीय मधु मिश्रा की बुधवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में मातम और तनाव का माहौल है।
बताया जाता है कि निर्भय मिश्रा रविवार की शाम करीब पांच बजे अपने घर से बाजार जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोग डीजे पर अश्लील गाने बजा रहे थे। निर्भय ने इसका विरोध करते हुए गाना बंद करने को कहा, जिस पर आरोपित भड़क उठे और विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते आरोपितों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे निर्भय का सिर फट गया और वह मौके पर ही गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान निर्भय की बहन मधु मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। गांव के लोगों के हस्तक्षेप के बाद घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मधु मिश्रा की नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। वहां भी स्थिति गंभीर रहने पर बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।
घटना को लेकर निर्भय मिश्रा ने दाऊदपुर थाना में लिखित आवेदन देकर छठू साह, नंदन कुमार साह, कुंदन साह, चंदन साह, नरेंद्र साह समेत अन्य के खिलाफ मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Daudpur News, Saran Crime, Bihar Crime News, DJ Dispute Fight, Chapra News

