सिसवन में अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज
सिवान (बिहार): सिसवन थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई घटनाओं में तीन लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में कराया गया। पहली घटना सीवान–सिसवन मुख्य मार्ग पर हुई, जहां रिश्तेदारी से लौट रहे एक युवक की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान सीवान निवासी साथी साह के पुत्र अरविंद कुमार साह के रूप में हुई है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं दूसरी घटना सिसवन प्रखंड के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नयागांव में सामने आई, जहां आपसी जमीन विवाद को लेकर हुई मारपीट में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान मदन प्रसाद के पुत्र प्रदीप प्रसाद के रूप में की गई है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इसी क्रम में तीसरी घटना मांझी–रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर हुई, जहां बाइक से गिरकर एक महिला घायल हो गई। घायल महिला की पहचान सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी संतोष यादव की पत्नी शारदा देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह रिश्तेदारी में जा रही थीं, तभी संतुलन बिगड़ने से बाइक से गिर गईं। तीनों घायलों का इलाज सिसवन रेफरल अस्पताल में किया गया, जहां उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Siswan Accident News, Saran Road Accident, Bihar Injury News, Chainpur Dispute Fight, Manjhi Road Accident

