सारण में दर्दनाक हादसा: ट्रैक्टर पलटने से दो युवकों की मौत, गांव में पसरा मातम
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत अंतर्गत श्रीरामपुर जाने वाली ग्रामीण सड़क पर शनिवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। खेत से ट्रॉली पर गेहूं लेकर लौट रहा ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया, जिससे ट्रैक्टर पर बैठे दोनों युवक उसके नीचे दब गए। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर से कूदकर फरार हो गया।
मृतकों की पहचान मटियार पंचायत के भट्ठा गांव निवासी सलीम मियां के 22 वर्षीय पुत्र अली हुसैन तथा उमाशंकर बीन के 16 वर्षीय पुत्र श्याम सुंदर बीन के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और राहत कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने एक युवक को तुरंत बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे को बाहर निकालने के लिए जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी।
इस हादसे में श्याम सुंदर बीन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अली हुसैन को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, एकमा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सूचना मिलते ही मांझी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।
परिवारिक जानकारी के अनुसार श्याम सुंदर बीन दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता उमाशंकर बीन गांव में रहकर खेती-बारी करते हैं, जबकि बड़ा भाई पुणे में प्राइवेट नौकरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। वहीं अली हुसैन तीन भाइयों में सबसे छोटा था, उसके दोनों बड़े भाई बाहर रहकर निजी नौकरी करते हैं और पिता सलीम मियां गांव में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।
घटना की सूचना पर पहुंचे मुखिया प्रतिनिधि शैलेन्द्र उपाध्याय, जदयू नेता जयप्रकाश महतो, विकास उपाध्याय, राकेश उपाध्याय एवं रुदल बीन ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की।
Manjhi Tractor Accident, Saran Road Accident, Bihar Accident News, Chapra News, Tractor Overturn Death

