सारण: निजी नर्सिंग होम पर गंभीर आरोप, महिला स्वास्थ्यकर्मी ने दुष्कर्म व मारपीट का लगाया आरोप
सारण (बिहार): एकमा नगर पंचायत स्थित आशीर्वाद सेवा सदन नामक निजी नर्सिंग होम में कार्यरत एक महिला स्वास्थ्यकर्मी ने संस्थान के संचालक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला ने आरोप लगाया है कि नर्सिंग होम के संचालक डॉ. आर. के. पांडे ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा उसके साथ अभद्र व्यवहार किया। साथ ही उसने यह भी आरोप लगाया कि नर्सिंग होम के अन्य कर्मचारियों ने उसके साथ मारपीट की।
इस मामले को लेकर पीड़िता द्वारा छपरा महिला थाना में दो लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस पदाधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पीड़िता का कहना है कि घटना के बाद उसे धमकियां दी जा रही हैं तथा केस वापस लेने का दबाव बनाया जा रहा है।
वहीं आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए नर्सिंग होम के संचालक डॉ. आर. के. पांडे ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि महिला को पूर्व में उसका बकाया भुगतान कर दिया गया था, लेकिन अब वह अतिरिक्त पैसे की मांग कर रही है और नहीं देने पर झूठा आरोप लगा रही है। उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इधर, मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल होने की बात सामने आ रही है, जिससे घटना ने और तूल पकड़ लिया है। फिलहाल पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासनिक स्तर पर भी इस संवेदनशील मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
वायरल वीडियो
Ekma Nursing Home Case, Chapra Crime News, Bihar Crime News, Women Harassment Case, Saran News

