सारण में BPSC द्वारा आयोजित AEDO परीक्षा की तैयारी पूरी, 31 केंद्रों पर होगी परीक्षा
सारण (बिहार): बिहार लोकसेवा आयोग (BPSC) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी (AEDO) प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर सारण जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा जिले के कुल 31 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार परीक्षा तीन चरणों में संपन्न कराई जाएगी। प्रथम चरण 14-15 अप्रैल, द्वितीय चरण 17-18 अप्रैल तथा तृतीय चरण 20-21 अप्रैल को आयोजित होगा। प्रत्येक चरण में लगभग 14,940 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा तीन पालियों में आयोजित होगी, जिसमें अभ्यर्थी जनरल लैंग्वेज, जनरल स्टडीज एवं जनरल एप्टीट्यूड विषयों की परीक्षा देंगे।
परीक्षा के निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इसके तहत 43 स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, 18 जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तथा 7 सुपर जोनल दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे और सतत वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है, साथ ही जैमर भी लगाए जाएंगे।
परीक्षा की समय-सारणी के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 2:30 बजे अपराह्न से 4:30 बजे अपराह्न तक आयोजित होगी। प्रथम पाली के लिए अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 8 बजे से 9 बजे तक तथा द्वितीय पाली के लिए दोपहर 1 बजे से 1:30 बजे तक ही अनुमन्य होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, व्हाइटनर, इरेजर एवं कलाई घड़ी ले जाने की अनुमति नहीं होगी। सभी अभ्यर्थियों का परीक्षा कक्ष में बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा।
परीक्षा के सफल संचालन को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों, दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग भी की गई, जिसमें आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। इस दौरान उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
BPSC Exam Saran 2026, Assistant Education Development Officer Exam, Chapra Exam News, Bihar Competitive Exam, Saran District News AEDO

