मांझी में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक फाइनल, गुर्दाहा खुर्द ने ट्रॉफी पर किया कब्जा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी नगर पंचायत स्थित हरदेव यादव कन्या उच्च विद्यालय के खेल मैदान में डिफेंस प्रीमियर लीग सीजन क्रिकेट क्लब द्वारा आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला उत्साह और रोमांच के बीच संपन्न हुआ। फाइनल मैच का उद्घाटन सेवानिवृत्त कैप्टन राम नरेश यादव, समाजसेवी ई. सौरभ सन्नी तथा राजू रुद्र यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
फाइनल मुकाबला बंगरा और गुर्दाहा खुर्द की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें गुर्दाहा खुर्द ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुर्दाहा खुर्द की टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 82 रन बनाए। जवाब में बंगरा की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए मात्र 51 रनों पर सिमट गई।
टूर्नामेंट में व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर वसीम खान को बेस्ट बल्लेबाज, गुड्डू खान को बेस्ट फील्डर, अफजल खान को बेस्ट बॉलर तथा वसीम खान को ही मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार प्रदान किया गया। पूरे टूर्नामेंट में कुल आठ टीमों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता काफी प्रतिस्पर्धात्मक रही।
अंपायर की भूमिका लक्ष्मण यादव और रंजीत कुमार ने निभाई। विजेता और उपविजेता टीम के कप्तानों को समाजसेवी ई. सौरभ सन्नी एवं पूर्व मुखिया नवरत्न प्रसाद ने ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में ई. सौरभ सन्नी ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ सामाजिक समरसता का भी महत्वपूर्ण माध्यम है और खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ खेलते हुए देश और जिले का नाम रोशन करना चाहिए।
मैदान में मौजूद सैकड़ों खेल प्रेमियों ने हर चौके-छक्के पर तालियां बजाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर प्रमोद यादव, अंजनी शर्मा, धर्मेंद्र यादव, अमित शर्मा, धर्मा यादव, राहुल यादव, रोशन, नागेंद्र ठाकुर एवं संतोष शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
Manjhi Cricket Tournament, Night Cricket Match Saran, Gurdaha Khurd Team Win, Bihar Sports News, Chapra Cricket News

