सिसवन में जनगणना की तैयारी तेज, 16 से 24 अप्रैल तक कर्मियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
सिवान (बिहार): आगामी जनगणना को लेकर सिसवन प्रखंड प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस क्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार ने जनगणना कार्य में लगाए गए कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जनगणना से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्य को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।
बीडीओ राजेश कुमार ने बताया कि जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने के लिए कर्मियों का प्रशिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से सिसवन प्रखंड के हरे राम ब्रह्मचारी स्कूल में 16 अप्रैल से 24 अप्रैल तक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी नामित कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
प्रशिक्षण के दौरान कर्मियों को जनगणना की पूरी प्रक्रिया, मोबाइल ऐप के उपयोग, प्रश्नावली भरने की विधि, हाउस लिस्टिंग, एनपीआर तथा आम लोगों से पूछे जाने वाले सवालों के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें व्यवहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि वे फील्ड में बिना किसी त्रुटि के कार्य कर सकें।
बीडीओ ने सभी कर्मियों को समय पर प्रशिक्षण में उपस्थित होने और गंभीरता के साथ तकनीकी पहलुओं को समझने का निर्देश देते हुए कहा कि सटीक और निष्पक्ष जनगणना से ही सरकारी योजनाओं का लाभ सही तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने सभी कर्मियों से पूर्ण निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की अपील की।
Siswan Census Training, Bihar Census Preparation, NPR Training Bihar, Saran News, Government Training Program

