सारण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 11 बाइक बरामद
सारण (बिहार): सारण पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां जनता बाजार थाना क्षेत्र में वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने इनके पास से कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जो विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।
प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को जनता बाजार थाना क्षेत्र के चकदेह गांधी स्मारक के पास विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एकमा की ओर से आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस बल की तत्परता से उसे पकड़ लिया गया। जांच के दौरान वाहन के कागजात नहीं दिखाए जा सके और पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल भेल्दी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने छापेमारी कर तीसरे आरोपी शंभू कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। इस पूरी कार्रवाई में कुल तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के साथ 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। प्रारंभिक जांच में सभी वाहन चोरी के पाए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त निरंजन साह उर्फ बुधन का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उसके खिलाफ पूर्व में भी चोरी व लूट के मामले दर्ज हैं। इस मामले में जनता बाजार थाना कांड संख्या-95/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान में जनताबाजार थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस ने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा है कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

