सारण में हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, STF व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 गिरफ्तार
सारण (बिहार): सारण जिले में अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जलालपुर थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उनके पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 को पटना एसटीएफ से सूचना मिली थी कि छपरा से जलालपुर की ओर एक उजले रंग की वैगनआर कार में सवार अपराधी भारी मात्रा में अवैध हथियार और कारतूस लेकर बनियापुर की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर एसएसपी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और बसडीला स्थित एनएच-331 पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
वाहन जांच के दौरान संदिग्ध वैगनआर कार को रोका गया और तलाशी लेने पर एक पिस्टल व 64 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। मौके से मोनू सिंह और अभिषेक उपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों अभियुक्तों ने बताया कि वे हथियार को बेचने के लिए ले जा रहे थे और इससे पहले भी कई बार इस तरह की तस्करी कर चुके हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने बसडीला, काकनटोला धूपनगर धोवबल और माधोपुर में छापेमारी कर गिरोह के अन्य तीन सदस्यों आदित्य कुमार सिंह, राहुल कुमार सिंह और रविरंजन सिंह उर्फ कुणाल सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। छापेमारी के दौरान कुल चार पिस्टल, 74 जिंदा कारतूस, पिस्टल के पार्ट्स, मोबाइल फोन समेत अन्य सामग्री बरामद की गई।
पुलिस पूछताछ में सभी अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री और तस्करी में संलिप्त थे तथा पहले भी कई लोगों को हथियार उपलब्ध करा चुके हैं। इस मामले में जलालपुर थाना कांड संख्या-123/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में जलालपुर थाना पुलिस के पदाधिकारी व कर्मियों के साथ एसटीएफ बिहार, पटना की टीम शामिल रही। सारण पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि अपराध पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
#SaranNews #Chapra #BiharNews #CrimeNews #PoliceAction #STF #ArmsSmuggling #BreakingNews #LawAndOrder #IndiaNews

