हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से संपन्न, सुंदरकांड पाठ व भंडारे में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
सारण (बिहार): माँझी प्रखंड के मटियार पंचायत अंतर्गत जैतिया पाण्डेय टोला, जई छपरा स्थित बाबा गंगाराम वेद विद्यालय में हनुमान जन्मोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत हनुमान जी के विधिवत अभिषेक और पूजा-अर्चना से हुई, जिसके बाद सुंदरकांड का पाठ किया गया। पाठ के दौरान वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और उपस्थित लोगों ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। इसके पश्चात विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें दूर-दूर से आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वेद विद्यालय के संचालक विश्वजीत पाण्डेय ने बताया कि इस आयोजन में सभी लोगों ने मिलकर हनुमान जी की आराधना की और सामूहिक रूप से भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने हनुमान जी के भजनों का आनंद उठाया और देर तक श्रद्धा का माहौल बना रहा।
इस दौरान वक्ताओं ने हनुमान जी के जीवन, उनके आदर्शों और भक्ति की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को उनके मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। पूरे आयोजन में क्षेत्र के लोगों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली, जिससे कार्यक्रम की भव्यता और भी बढ़ गई।

