नशा मुक्त सारण अभियान में बड़ी कार्रवाई: 32.75 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत नगर थाना क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए स्मैक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले भर में अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यह सफलता मिली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 20 अप्रैल 2026 को नगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कचहरी स्टेशन के पास पुराने रेलवे यार्ड के उत्तर दिशा में झाड़ियों के पास कुछ युवक स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की, जहां पुलिस को देखते ही सभी युवक भागने लगे। इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम विनीत कुमार, पिता बिनोद कुमार चौधरी, निवासी उत्तरी दहियावा टोला, थाना-नगर, जिला-सारण बताया। अंचलाधिकारी की उपस्थिति में उसकी तलाशी लेने पर उसके पैंट की जेब से लगभग 32.75 ग्राम स्मैक बरामद किया गया। जब उससे बरामद पदार्थ के संबंध में कागजात की मांग की गई तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह स्मैक की खरीद-बिक्री करता है।
इस संबंध में नगर थाना कांड संख्या-362/26, दिनांक 20.04.2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है। अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

