माँझी के कृषि विज्ञान केंद्र में भीषण आग, असामाजिक तत्वों पर शक, दमकल की लापरवाही से बढ़ा नुकसान
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र में बुधवार को अरहर की फसल में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे करीब तीन हेक्टेयर क्षेत्र में लगी फसल का लगभग दस प्रतिशत हिस्सा जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना के पीछे असामाजिक तत्वों द्वारा आग लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे मामला और गंभीर हो गया है।
कृषि विज्ञान केंद्र के प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने बताया कि सुबह खेत की ओर से धुआं उठता दिखाई दिया। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि आग तेजी से फैल चुकी थी और अरहर की फसल धू-धू कर जल रही थी। तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन राहत कार्य में देरी से नुकसान और बढ़ गया।
सूचना पर पहुंची दमकल की पहली गाड़ी तकनीकी खराबी के कारण मौके पर ही बंद हो गई, जिससे आग पर काबू पाने में काफी देर हुई। इस दौरान केंद्र के एक कर्मी ने ट्रैक्टर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाफी साबित हुआ। बाद में दूसरी दमकल गाड़ी पहुंचने पर करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 12:30 बजे आग पर नियंत्रण पाया जा सका।
घटना के बाद किसानों और केंद्र के कर्मियों में दहशत और चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग आग लगने के कारणों की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Manjhi News, KVK Fire Case, Arhar Crop Damage, Saran Fire Incident, Antisocial Elements

