माँझी कृषि विज्ञान केंद्र में मशरूम खेती पर युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में मिला मार्गदर्शन
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: जिले के माँझी स्थित कृषि विज्ञान केन्द्र में “मशरूम के विभिन्न प्रकार एवं उनकी खेती की तकनीकें” विषय पर आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 22 अप्रैल 2026 को सफलतापूर्वक हो गया। इस प्रशिक्षण में माँझी, रिविलगंज, एकमा, गड़खा, बनियापुर, मढ़ौरा, छपरा एवं सोनपुर प्रखंडों से आए कुल 28 युवक-युवतियों ने भाग लिया और मशरूम उत्पादन से जुड़ी वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी हासिल की। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करना और मशरूम खेती को बढ़ावा देना रहा।
समापन अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र, माँझी के वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. संजय कुमार राय ने कहा कि मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक लाभ देने वाला व्यवसाय है, जिसे सीमित स्थान में भी आसानी से शुरू किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिभागियों को अपने-अपने क्षेत्रों में इस तकनीक को अपनाने और अन्य लोगों को भी इससे जोड़ने के लिए प्रेरित किया। वैज्ञानिकों ने बताया कि मशरूम उत्पादन में स्वच्छता अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि उत्पादन कक्ष, उपकरण और हाथों की सफाई में कमी होने पर रोग लगने की संभावना बढ़ जाती है।
प्रशिक्षण के दौरान केसिंग सामग्री की सही तैयारी, नमी संतुलन बनाए रखने और रोग प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि मशरूम को सुखाकर, पाउडर बनाकर या अचार एवं सूप के रूप में प्रसंस्कृत कर बाजार में बेचने से किसानों को अधिक लाभ मिल सकता है। उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने प्राकृतिक खेती एवं उन्नत कृषि तकनीकों पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. जीर विनायक ने बटन एवं ऑयस्टर मशरूम उत्पादन, स्पॉन निर्माण, बीज उपचार और प्रसंस्करण की पूरी प्रक्रिया समझाई।
कार्यक्रम में डॉ. सुषमा टम्टा ने जीरो टिलेज मशीन एवं लेजर लैंड लेवलर जैसे आधुनिक कृषि यंत्रों की उपयोगिता बताई, वहीं डॉ. विजय कुमार ने मिट्टी परीक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए उत्पादन बढ़ाने के उपाय सुझाए। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया, जिससे उन्हें प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र के अमितेश कुमार गौरव, राकेश कुमार, मनोज कुमार, उमाशंकर, अवनीश पांडेय एवं संतोष कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
/
Manjhi KVK Training, Mushroom Farming Bihar, Saran Agriculture News, Self Employment Training, Krishi Vigyan Kendra

