सिसवन में सड़क हादसे, बाइक से गिरकर दो युवक गंभीर घायल, धक्का लगने से बच्चा जख्मी
सिवान (बिहार): सिवान जिले के सिसवन थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोग घायल हो गए। मांझी-रघुनाथपुर मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों की पहचान भागर गांव निवासी जयप्रकाश प्रसाद के पुत्र अनमोल कुमार और राजबंशी यादव के पुत्र परमेश्वर कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों युवक सिसवन से अपने गांव लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही एक वाहन को देखकर बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सिसवन रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
वहीं दूसरी घटना चैनपुर ओपी थाना क्षेत्र के स्थानीय बाजार में हुई, जहां एक बाइक के धक्के से एक बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान मिथिलेश यादव के पुत्र दीनबंधु यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे भी सिसवन रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार किया गया।
दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
Siswan Road Accident, Siwan News, Bike Accident Bihar, Child Injury Case, Local Accident News

