खरीफ 2026 से पहले सख्ती: उर्वरक की कालाबाजारी रोकने को एकमा में छापेमारी, गड़बड़ी पर नोटिस
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले में आगामी खरीफ 2026 की तैयारी के तहत उर्वरकों के संरक्षण और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 को जिला कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी, एकमा के साथ संयुक्त रूप से एकमा प्रखंड स्थित बिस्कोमान केंद्र एवं थोक विक्रेता रजनीश फर्टिलाइजर के यहां उर्वरक भंडारण का भौतिक सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान रजनीश फर्टिलाइजर, एकमा के गोदाम में उर्वरकों का रख-रखाव संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके कारण भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए संबंधित प्रतिष्ठान से कारणपृच्छा (शो-कॉज) किया गया है।
जिला कृषि पदाधिकारी ने बताया कि उर्वरक की कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और जमाखोरी पर नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर विशेष टीम गठित की गई है, जो नियमित रूप से निगरानी और छापेमारी अभियान चला रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि यदि कहीं भी उर्वरक की जमाखोरी या अधिक मूल्य पर बिक्री की शिकायत हो तो वे जिला हेल्प डेस्क नंबर 06152-248042 या संबंधित प्रखंड कृषि पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

