चहारदीवारी पर अटका विशाल पेड़, हादसे का बढ़ा खतरा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: मांझी के स्थानीय प्रशासन की लापरवाही और उदासीनता के कारण मांझी प्रखंड सह अंचल कार्यालय की चहारदीवारी पर चार दिन पहले गिरकर अटका विशालकाय पेड़ अब भी नहीं हटाया जा सका है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए गंभीर खतरा बना हुआ है। पेड़ गिरने के दौरान चहारदीवारी के बाहर गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार भी क्षतिग्रस्त हो गए थे, जिससे कुछ समय के लिए आपूर्ति बाधित हो गई थी, हालांकि बाद में विद्युत कर्मियों ने तार को दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज हवा के कारण जड़ से उखड़ा यह पेड़ कभी भी चहारदीवारी को तोड़कर नीचे गिर सकता है और किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। बावजूद इसके, संबंधित विभाग द्वारा अब तक पेड़ को हटाने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है।
Manjhi News, Saran News, Tree Hazard, Electricity Line Damage, Local Administration

