माँझी में 15 लीटर देसी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार, पुलिस की छापेमारी जारी
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: स्थानीय थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार की सुबह क्षेत्र के विभिन्न गांवों में संदिग्ध शराब कारोबारियों के खिलाफ सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने भट्ठा महम्मदपुर गांव से 15 लीटर देसी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान महम्मदपुर गांव निवासी स्वर्गीय मदन साहनी के पुत्र गुलाबी साहनी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अवैध रूप से शराब की तस्करी कर रहा था, जिसे कार्रवाई के दौरान रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार तस्कर के विरुद्ध माँझी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में इस तरह के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

