जलवायु अनुकूल खेती की ओर कदम, भूमिहारा में किसानों का विशेष प्रशिक्षण
भूमिहारा में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, जलवायु अनुकूल खेती की दी गई जानकारी
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: कृषि विज्ञान केंद्र, माँझी द्वारा बनियापुर प्रखंड के भूमिहारा गांव में जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के तहत एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को बदलते जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप खेती की नई तकनीकों से अवगत कराना और उन्हें उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के उद्यान विशेषज्ञ डॉ. जितेन्द्र चंदोला ने किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि कार्यक्रम के महत्व एवं इसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने गरमा सब्जियों जैसे भिंडी, करेला, लौकी, खीरा आदि के उत्पादन, प्रबंधन, पोषण वाटिका की स्थापना तथा फलों के बागों के रख-रखाव से संबंधित महत्वपूर्ण तकनीकों पर प्रकाश डाला।
वहीं कृषि अभियांत्रिकी विशेषज्ञ डॉ. सुषमा टम्टा ने किसानों को मूंग की सीधी बुवाई, उच्च क्यारी विधि से मक्का की खेती तथा कृषि में उपयोग होने वाली आधुनिक मशीनों के बारे में विस्तार से बताया। विशेषज्ञों द्वारा मूंग की जीरो टिलेज मशीन से सीधी बुवाई का खेत में प्रत्यक्ष प्रदर्शन भी किया गया, जिससे किसानों को तकनीक को समझने में आसानी हुई। साथ ही उन्नत किस्म के सब्जियों के बीज भी किसानों के बीच वितरण किए गए।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों की गेहूं की फसल, फलों के बाग और पोषण वाटिका का निरीक्षण कर उन्हें आवश्यक सुझाव भी दिए गए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को जलवायु परिवर्तन के प्रभावों से निपटने के लिए तैयार करना और खेती में आधुनिक तकनीकों को अपनाने के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में पतीराम सिंह, विनय कुमार सिंह, सुदेश्वर कुमार सिंह, बिट्टू सिग्रीवाल, ओमप्रकाश सिंह, आकाश सिंह, विनोद सिंह, प्रिंस कुमार सिंह, जगमोहन सिंह, रूपलाल ठाकुर, चंदेश्वर सिंह, उमेश कुमार सिंह, भूपेंद्र सिंह सहित कुल 35 किसानों ने भाग लिया। अंत में किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए नई तकनीकों को अपनाने की प्रतिबद्धता जताई। कार्यक्रम को सफल बनाने में तकनीकी सहायक मनोज कुमार, अवनीश पांडेय एवं उमाशंकर का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
#Manjhi #SaranNews #BiharNews #Agriculture #FarmerTraining #ClimateSmartAgriculture #KVK #FarmingTech #RuralDevelopment #IndiaNews

