माँझी CHC में बिजली संकट से एक्स-रे सेवा ठप, मरीजों को घंटों इंतजार
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: माँझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में बिजली कटौती के कारण एक्स-रे मशीन बार-बार बंद रहने से मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनरेटर की सुविधा नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं सीधे तौर पर प्रभावित हो रही हैं और इस समस्या का अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे भी दर्जनों मरीज एक्स-रे कराने के लिए बिजली आने का इंतजार करते नजर आए। चिकित्सकों ने बताया कि एक्स-रे मशीन पूरी तरह बिजली पर निर्भर है, ऐसे में बिजली कटते ही मशीन बंद हो जाती है और मरीजों को लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। कई मरीजों को एक घंटे से अधिक समय तक इंतजार करना पड़ा।
मरीजों का कहना है कि यदि अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था होती तो उन्हें इस तरह की परेशानी नहीं झेलनी पड़ती। मजबूरी में उन्हें निजी डायग्नोस्टिक सेंटरों का रुख करना पड़ता है, जहां एक्स-रे के लिए 300 से 400 रुपये तक खर्च करने पड़ते हैं, जो गरीब मरीजों के लिए अतिरिक्त बोझ साबित हो रहा है। प्रतिदिन करीब 20 से 25 मरीज एक्स-रे के लिए इस केंद्र पर पहुंचते हैं।
बिजली विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा के कारण फिलहाल बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। वहीं मरहा की बीडीसी पार्वती कुंवर ने कहा कि सरकारी अस्पताल में इस तरह की स्थिति से गरीब और दूर-दराज के मरीज सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। समय पर जांच नहीं होने से कई मरीजों के इलाज में देरी हो रही है।
इस दौरान अस्पताल परिसर में जितेंद्र कुमार, आदित्य कुमार और प्रिंस सिंह सहित कई अन्य लोग बिजली आने का इंतजार करते नजर आए। मरीजों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जनरेटर की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
#Manjhi #SaranNews #BiharNews #HealthNews #CHC #ElectricityIssue #XRay #PublicHealth #LocalNews #IndiaNews

