सारण में भीषण अग्निकांड: 3 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, किसानों को भारी नुकसान
सारण (बिहार) संवाददाता नितेश सिंह: मांझी थाना क्षेत्र के महम्मदपुर पंचायत अंतर्गत श्रीरामपुर गांव के समीप चवर में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में वन देवी स्थान के पास स्थित चवर में करीब 3 बीघा में तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई, वहीं बगीचे के पास बनी पालानी भी आग की चपेट में आकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, खेतों की ओर से अचानक धुआं उठता देख आसपास के किसान मौके पर पहुंचे, लेकिन तेज लपटों और चल रही हवाओं के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे किसानों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि शैलेंद्र उपाध्याय मौके पर पहुंचे और तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य खेतों को जलने से बचा लिया गया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि स्थानीय लोग तेज गर्मी, सूखी फसल या किसी चिंगारी को संभावित कारण मान रहे हैं। इस घटना में कई किसानों को भारी आर्थिक क्षति हुई है, जिसके बाद पीड़ितों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है।
Manjhi Fire News, Saran Fire Incident, Wheat Crop Fire Bihar, Farmer Loss News, Chhapra Rural News

