महुई गांव का सड़क संपर्क टूटा, बोहटा नदी का पुल क्षतिग्रस्त, हादसे का खतरा बढ़ा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: माँझी प्रखंड के पश्चिम एवं उत्तर दिशा में एकमा की सीमा पर स्थित महुई गांव का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह भंग हो गया है। गांव को माँझी और एकमा प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाला बोहटा नदी पर अंग्रेजों के समय बना लगभग सौ वर्ष पुराना सड़क पुल शुक्रवार को आंशिक रूप से ध्वस्त हो गया, जिससे इलाके में भय और चिंता का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि तीन पायों पर निर्मित इस पुल का एक सिरा पूरी तरह टूट गया है और उसका ऊपरी ढांचा भी काफी कमजोर हो चुका है। स्थिति ऐसी है कि पुल का छत वाला भाग कभी भी गिर सकता है, जिससे बड़े पैमाने पर जानमाल की क्षति की आशंका बनी हुई है। सुरक्षा को देखते हुए चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
स्थानीय पैक्स अध्यक्ष सुजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल और विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह को फोन कर तत्काल नए पुल निर्माण की मांग की है, ताकि गांव का संपर्क बहाल हो सके। वहीं ग्रामीण विनय सिंह ने बताया कि पुल का ऊपरी हिस्सा टूटकर नीचे की ओर लटक गया है और नीचे से चट्टान भी गिर रही है, जिससे स्थिति और खतरनाक हो गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, भय के माहौल में लोग किसी तरह साइकिल और बाइक से पुल पार कर रहे हैं, लेकिन किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। करीब तीन हजार की आबादी वाले महुई गांव के लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द वैकल्पिक व्यवस्था और नए पुल के निर्माण की मांग की है, ताकि उनका संपर्क मुख्यालय से पुनः स्थापित हो सके।

