बड़ी कार्रवाई, अपराध की साजिश रच रहे दो युवक हथियार के साथ गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के इसुआपुर थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अपराध की योजना बना रहे दो अभियुक्तों को देशी कट्टा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 12 अप्रैल 2026 को अचितपुर स्थित मछली तालाब के समीप की गई, जहां दोनों संदिग्ध किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस के अनुसार, जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, दोनों युवक पुलिस वाहन को देख भागने लगे, लेकिन त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान अचितपुर निवासी सोनू कुमार गिरी और गुड्डू कुमार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान सोनू कुमार गिरी के पास से एक लोडेड देशी कट्टा और गुड्डू कुमार के पास से एक देशी कट्टा बरामद किया गया। साथ ही एक जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
बरामद हथियारों के संबंध में वैध कागजात मांगने पर दोनों अभियुक्त कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद इसुआपुर थाना में कांड संख्या 125/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में इसुआपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। सारण पुलिस ने इस सफलता को अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।

