सारण में हथियारों का जखीरा बरामद, तीन अपराधी गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के भेल्दी थाना क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई 12 अप्रैल 2026 को कांड संख्या 145/26 के अभियुक्त की गिरफ्तारी के दौरान सामने आई, जब पुलिस को पूछताछ में अवैध हथियारों से जुड़े अहम सुराग मिले।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार मो. शमशेर साह के मोबाइल की जांच के दौरान अवैध हथियारों से संबंधित तस्वीरें मिलीं। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि हथियार राहुल सिंह के पास हैं, जो कोरया गांव में हुई चाकूबाजी की घटना में शामिल रहा है। इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष भेल्दी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मलाही पुल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ खड़ा देखा गया, जो पुलिस को देखते ही भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सेंधमारी निवासी राहुल सिंह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो पिस्टल, तीन खाली मैगजीन, 25 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वाहन के कागजात मांगने पर वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में राहुल सिंह ने बताया कि उसने ये हथियार 25 हजार रुपये में खरीदे थे। इस मामले में भेल्दी थाना कांड संख्या 146/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मो. शमशेर, राहुल सिंह और रुपेश महतो को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई को अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है और अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।

