खड़ी ट्रेलर से टकराई बाइक, एक की मौके पर ही मौत, दूसरा गंभीर
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: छपरा–सिवान मुख्य मार्ग पर रसूलपुर थाना क्षेत्र के देवपुरा गांव के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रेलर से जा टकराई, जिससे दोनों युवक बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे में मृतक की पहचान देवपुरा निवासी प्रताप प्रसाद के पुत्र नितेश कुमार के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक रामेश्वर साह के पुत्र विशाल कुमार साह बताया जाता है। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।

