ड्यूमाइगढ़-गोपालनगर के बीच सड़क पुल निर्माण की पहल तेज, यूपी-बिहार कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी क्षेत्र में सरयू नदी पर ड्यूमाइगढ़ घाट से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के गोपालनगर तक सड़क पुल निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हो गई है। महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के अनुरोध पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने संबंधित विभाग को पुल निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने का निर्देश दिया है। इसके तहत अब ड्यूमाइगढ़ घाट पर प्रस्तावित सड़क पुल के लिए सर्वे कार्य शुरू किया जाएगा और सभी परिस्थितियां अनुकूल रहने पर जल्द ही निर्माण कार्य आरंभ होने की उम्मीद है।
बताया जाता है कि इस पुल की मांग लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही थी, क्योंकि सीमावर्ती गांवों के लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में ड्यूमाइगढ़ घाट से गोपालनगर के बीच करीब दो किलोमीटर सरयू नदी को पार करने के लिए लोगों को नाव या बालू की रेत के सहारे पैदल आना-जाना पड़ता है। ऐसे में पुल निर्माण से आवागमन सुगम होने के साथ-साथ सामाजिक और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस मुद्दे को लेकर माँझी के पूर्व जिला पार्षद धर्मेन्द्र सिंह ने भी सांसद को ज्ञापन सौंपकर पुल निर्माण की मांग की थी, साथ ही अस्थायी समाधान के तौर पर पीपा पुल शुरू करने की बात भी उठाई थी। सांसद ने इस संबंध में कुछ माह पूर्व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर पीपा पुल निर्माण का प्रस्ताव भी रखा था।
इसके अतिरिक्त बलिया के पूर्व सांसद बीरेन्द्र सिंह मस्त ने भी लोकसभा में सुरेमनपुर स्टेशन से सारण के एकमा स्टेशन तक नई रेल लाइन तथा ड्यूमाइगढ़ घाट पर रेल-सह-सड़क पुल निर्माण का मुद्दा उठाया था। वर्तमान में इस घाट के माध्यम से यूपी से बड़ी मात्रा में सब्जी, दूध और अन्य उत्पाद बिहार में आते हैं, वहीं बिहार के किसान भी यूपी में खेती के लिए आते-जाते हैं।
प्रस्तावित पुल बनने से न केवल यूपी और बिहार के बीच आवागमन आसान होगा, बल्कि सारण के एकमा और यूपी के बैरिया स्थित रानीगंज बाजार के बीच सीधा संपर्क स्थापित होगा। इससे दोनों राज्यों के बीच आर्थिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंधों को भी नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
Dumai Garh Bridge, Saran News, UP Bihar Connectivity, Saryu River Bridge, Manjhi Development

