माँझी में सड़क के बीच फूट रहा पानी, जर्जर सड़क से हादसों का खतरा बढ़ा
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण जिले के माँझी प्रखंड मुख्यालय के समीप माँझी–दरौली राजकीय मार्ग पर सड़क के बीचों-बीच पानी का फव्वारा निकलने से स्थिति गंभीर हो गई है। लगातार बह रहे पानी के कारण सड़क टूटकर जर्जर हो चुकी है, जिससे आएदिन बाइक सवार फिसलकर चोटिल हो रहे हैं और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। स्थानीय लोगों में इस समस्या को लेकर रोष व्याप्त है।
मामले को लेकर माँझी नगर पंचायत एवं पीएचईडी विभाग से पूछताछ करने पर अधिकारियों ने बताया कि यह पाइपलाइन विभाग द्वारा नहीं बिछाई गई है, बल्कि कुछ लोगों की मनमानी का परिणाम है। विभाग ने स्पष्ट किया कि उनके स्तर से वहां कोई पाइपलाइन नहीं डाली गई है, बावजूद इसके सड़क के नीचे बिछी टूटी पाइपलाइन से सैकड़ों लीटर शुद्ध पेयजल प्रतिदिन बहकर बर्बाद हो रहा है।
नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि बिट्टू राय ने भी स्वीकार किया कि निजी स्तर पर कुछ लोगों द्वारा पाइपलाइन बिछाई गई है, जिसके कारण यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुरक्षित बनाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द समाधान की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का निवारण नहीं किया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Manjhi News, Road Damage Bihar, Water Leakage Issue, Saran Local Problem, PHED Bihar

