नशा मुक्त सारण अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई, 562 लीटर अवैध शराब बरामद, एक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता वीरेश सिंह: सारण पुलिस ने “नशा मुक्त सारण” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रिविलगंज एवं जनताबाजार थाना क्षेत्रों से कुल 562 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो चारपहिया वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जप्त किए गए। यह कार्रवाई वरीय पुलिस अधीक्षक, सारण के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
रिविलगंज थाना पुलिस को 22 अप्रैल को सूचना मिली कि ग्राम इनई में एक चारपहिया वाहन में विदेशी शराब रखी गई है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर घेराबंदी की और वाहन की तलाशी ली, जिसमें 258 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
वहीं जनताबाजार थाना पुलिस को 23 अप्रैल को ग्राम सिरिस्तापुर में शराब की खेप होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए वाहन की तलाशी ली, जिसमें 304 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। इस दौरान एक अभियुक्त मन्नु कुमार यादव, पिता योगेंद्र यादव, निवासी ताजपुर फुलवरिया, थाना जनताबाजार, जिला सारण को गिरफ्तार किया गया। इस मामले में भी संबंधित अधिनियम के तहत कांड दर्ज कर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई में रिविलगंज एवं जनताबाजार थाना के थानाध्यक्ष सहित पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सारण पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
Saran Police Action, Illegal Liquor Seizure, Bihar Prohibition Law, Revilganj News, Janata Bazar Police

