डोरीगंज में अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई: तीन ट्रक जब्त, तीन चालक गिरफ्तार
सारण (बिहार) संवाददाता धर्मेंद्र रस्तोगी: अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डोरीगंज थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की गई। सारण जिला खनन इंस्पेक्टर अमीर हमजा एमए एवं डोरीगंज थानाध्यक्ष राज शेखर के नेतृत्व में पुलिस बल के सहयोग से महुआ घाट नंबर-7 पर बीती रात छापेमारी की गई, जिसमें तीन ट्रकों को जब्त करते हुए तीन चालकों को गिरफ्तार किया गया।
छापेमारी के दौरान बिना टोकन अवैध बालू परिवहन में संलिप्त एक 12 चक्का ट्रक (UP53DT/8687), एक 14 चक्का ट्रक (UP51AT/5467) तथा एक 18 चक्का ट्रक (BR28GB/7504) को बालू के पास खड़ा पाया गया। सभी वाहनों को मौके से जब्त कर लिया गया। वहीं मौके पर मौजूद तीन चालकों—नीरज तिवारी (पिता-बच्चा तिवारी, ग्राम कर्णपटी, थाना सेवराही, जिला कुशीनगर, यूपी), सुशील कुमार चौरसिया (पिता-देवकुमार चौरसिया, ग्राम गोमहारी, थाना बैकुंठपुर, जिला गोपालगंज) तथा राजन कुमार यादव (पिता-राजेश्वर राय, ग्राम गोमहारी, थाना बैकुंठपुर, जिला गोपालगंज) को गिरफ्तार कर डोरीगंज थाना लाया गया।
इस संबंध में खनन इंस्पेक्टर अमीर हमजा एमए के लिखित आवेदन पर डोरीगंज थाना में बिहार खनिज अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तीनों चालकों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि जब्त ट्रकों को थाना परिसर में रखकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

